मैं तो रेडीमेड रावण हूं...
दशहरा मैदान पर सोमवार शाम दशानन से आमना-सामना हो गया। चारों तरफ से जंजीर में जकड़ा ५१ फीट का आदमकाय रावण कुछ कहने के लिए पुकार रहा था। मुझसे रहा नहीं गया... मेरे कदम न चाहते हुए उसकी तरफ बढ़ गए। हॉय... हलो के दौरान ही उसकी आंखें नम हो गईं। हाथ-पैर कांपने लगे। वीर योद्धा, परम ज्ञानी, कुशल राजनीतिज्ञ, तंत्र-मंत्र के ज्ञाता को इस तरह भयभीत देखकर मैं हतप्रभ हो गया।
रावण बोला ...,
पूरा शहर मेरे वध की तैयारी कर रहा है। ढोल-नगाड़े के साथ आतिशबाजी वालों को भी जश्न मनाने के लिए निमंत्रित किया गया है। इस शहर में दर्जनों रावण हैं जिन्हेंं ‘अमरत्व’ का अमृत पिलाया जा रहा है। सुख-सुविधा और संरक्षण दिया जा रहा है। उसने वर्तमान परिस्थितियों पर प्रहार किया और शहर के अमृत प्राप्त रावणों को गिनाता चला गया...
शहर के हृदय स्थल और आस्था के केंद्र को अपंग किया जा रहा है। प्रतिदिन जेसीबी से प्रहार किया जा रहा है। पैर काटकर बैसाखी पकड़ाई जा रही है। सौंदर्यीकरण के नाम पर कद-काठी घटाई जा रही है। आय के स्रोत पैदा किए जा रहे हैं। चौपाटी पर चटखारे की व्यवस्था की जा रही है।
तालाब के सौंदर्यीकरण में लापरवाही सामने आने के बाद तत्परता दिखाते हुए जांच टीम बनाई गई। कलेक्ट्रेट से साहब लोग आए। फोटो खिंचवाई। उम्मीद बंधी कि भ्रष्टाचार की सच्चाई सामने आएगी, लेकिन जांच रिपोर्ट को फाइलों में ही दफन कर दिया गया। लगता है साहब... खास मुहूर्त का इंतजार कर रहे हैं।
यातायात व्यवस्था बेपटरी है। नगरनिगम ने कहीं भी पार्किंग की व्यवस्था नहीं की। लोग अपनी मर्जी से कहीं भी पार्किंग स्टैंड बना लेते हैं। टै्रफिक सिग्नल तो शो-पीस साबित हो रहे हैं। लोग रेड सिग्नल पर भी रुकने को तैयार नहीं है। यहां यातायात पुलिस छांव में आराम फरमाते नजर आती है। फव्वारा चौक का टै्रफिक सिग्नल अंतिम सांसे गिन रहा है।
बारिश के बाद सडक़ों के जख्म उभर आए हैं। गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। कई गड्ढे तो जानलेवा हो गए हैं। जख्म पर मरहम भी लग जाता तो इतना दर्द नहीं होता। छोटे से शहर में दर्जनभर बस स्टैंड बन गए हैं। सडक़ों पर बस संचालकों ने कब्जा कर लिया है। ओवरलोडिंग तो चरम पर है। ४० सीटर बस में ६० से अधिक मुसाफिर बैठाए जा रहे हैं।
जिला अस्पताल इलाज कम बीमारियां ज्यादा दे रहा है। जिले की जनता उम्मीद के साथ यहां आती जो जरूर है, लेकिन निराशा ही हाथ लगती है। डॉक्टरों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन को मार्निंग वॉक करना पड़ रहा है। मजबूरी में लोग इलाज कराने नागपुर जा रहे हैं जहां महंगा इलाज कराने में घर के बर्तन तक बेचने को मजबूर हो रहे हैं। मृत देह पाने के लिए जेवर तक बेच रहे हैं।
शहर का आम आदमी आज भी तकलीफ और परेशानियों से घिरा है। सुबह-सुबह शुद्ध पानी भी नसीब नहीं हो रहा है। सैकड़ों लोग कलेक्टर और एसपी से अपनी पीड़ा सुना रहे हैं। एफआईआर दर्ज कराने के लिए एसपी से धारा पूछनी पड़ रही है। गली-गली में जुआ और सट्टे चल रहे हैं। सडक़ों पर शराबियों की महफिल जम रही है। अपराध और अपराधी बेलगाम हैं। लोग तरह-तरह के ‘अमरत्व’ प्राप्त रावणों से परेशान हैं। मैं तो रेडीमेड रावण हूं... फिर भी मेरा ही दहन होगा।